6 साल में पैसा डबल करवाने और आजीवन पेंशन लगाने का झांसा देकर एक आयुर्वेदिक चिकित्सक से शातिरों ने 58.46 लाख की ठगी कर डाली है। मामला हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग का है। शातिरों में एक किसी नामी कंपनी का सीए बताकर एक स्कीम का प्रलोभन देकर चिकित्सक से पैसे ऐंठता रहा। लेकिन जब ठगी का अहसास चिकित्सक को हुआ तो काफी देर हो चुकी थी।
उसने अपने और परिवार की जमा पूंजी कथित स्कीम में इनवेस्ट कर दी थी। मामले की शिकायत करने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिसकी पुष्टि डीएसपी करसोग अरुण मोदी ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। रकम काफी बड़ी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच करेगी। जांच में तस्वीर साफ होगी कि असल में कितने की ठगी हुई है।