घर के आंगन में खेल रहा एक मासूम अचानक सेफ्टिक टैंक में गिर गया। घटना हिमाचल के कुल्लू की है। यहां उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी के तिंदर गांव में एक दो साल के मासूम की पानी के सेफ्टिक टैंक में गिरकर मौत हो गई।
शनिवार देर शाम को हुई घटना से बच्चे के माता-पिता सदमे में हैं। बंजार पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों का सौंप दिया है। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने कहा कि तिंदर गांव के वीरभद्र का दो साल का रोहित घर के बाहर खेल रहा था।
घर के बाहर बने रहे सेफ्टिक टैंक जो पानी से भरा था, अचानक बच्चा उसमें जा गिरा। काफी देर बाद जब बच्चे को परिजन ढूंढने लगे तो बच्चा टैंक के अंदर पानी में पड़ा मिला। परिजनों ने बच्चे को तुरंत उपचार के लिए बंजार अस्पताल पहुंचाया लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी।
चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। डीएसपी ने बताया कि कि पुलिस ने प्रारंभिक परिदृश्य में धारा 174 के तहत मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। रविवार होने के चलते बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ सकी है।
सोमवार को रिपोर्ट आने पर बच्चे की मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। उधर, दो साल के जिगर के टुकड़े की हुई दर्दनाक मौत को लेकर माता बेसुध है और पूरे गांव में मातम छाया है।