डीएसपी सिटी रविंद्र शर्मा का कहना है कि पुलिस छानबीन कर रही है।
- फोटो : डेमो पिक
राजधानी के ढली स्कूल में आठ मार्च को जमा एक की परीक्षा देने घर से निकली छात्रा लापता हो गई है। नौ मार्च को ढली थाना पुलिस में मामला दर्ज करवाए जाने के बावजूद आज तक पुलिस गायब हुई इस छात्रा का सुराग लगाने में नाकाम रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई इस छात्रा को अगवा किया गया, या फिर वह अपने आप घर से भागी है, इस पर भी स्थिति साफ नहीं हो पा रही है। अभिभावकों ने अपने सभी नाते रिश्तेदारों के यहां खोजने के बाद थाने में आ कर बेटी के लापता होने का मामला दर्ज करवाया है।
ग्यारहवीं कक्षा की इस छात्रा के पिता होटल में कर्मी हैं। उनके मुताबिक आठ मार्च को उनकी बेटी घर से स्कूल में परीक्षा देने के लिए निकली थी। घर से स्कूल तक के महज दस मिनट के रास्ते में ही कहीं लापता हो गई। छात्रा की सहपाठियों से पूछताछ की लेकिन सुराग नहीं लगा।
पिता की मानें तो घर से छात्रा के तीन सूट भी गायब हैं। पुलिस फिलहाल इस मामले में कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। डीएसपी सिटी रविंद्र शर्मा का कहना है कि पुलिस छानबीन कर रही है।
आठ मार्च को स्कूल नहीं पहुंची छात्रा- वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढली की प्रधानाचार्य उषा चौहान का कहना है कि आठ मार्च को छात्रा परीक्षा देने के लिए स्कूल ही नहीं पहुंची। शिक्षकों का कहना है कि छात्रा स्कूल कम आती थी। इसकी जानकारी अभिभावकों को समय-समय पर दी जाती थी।