शिमला। ट्रैफिक मजिस्ट्रेट आर मेहुल शर्मा की अगुवाई में शनिवार को बालूगंज-विधानसभा चौक सड़क पर होटल पीटरहॉफ के नीचे नाका लगाकर वाहनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 66 वाहनों के चालान कर 30200 रुपये जुर्माना वसूला।
ट्रैफिक मजिस्ट्रेट की टीम सुबह 10:45 बजे होटल पीटरहॉफ के नीचे पहुंची और वाहनों का निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान बिना वर्दी टैक्सी चलाने वाले ड्राइवरों, सीट बेल्ट न लगाने वाले वाहन चालकों, पॉल्यूशन और इश्योरेंस सही न रखने वालों के चालान काटे गए। इसके अलावा नई गाड़ियों का एक माह के भीतर पंजीकरण करवाकर नंबर प्लेट न लगाने वाले पर भी कार्रवाई की गई। गाड़ी में लगाई अतिरिक्त लाइटें और अन्य सजावटी सामान भी मौके पर ही निकलवा कर चालान किए। कार्रवाई की सूचना मिलते ही वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।