हिमाचल प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान कोरोना की जांच के लिए करीब 65486 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से 10529 से अधिक लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 20 अप्रैल को कोरोना की जांच के लिए 10333 सैंपल लिए गए। इनमें से 1295 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 21 अप्रैल की रिपोर्ट के अनुसार 9423 सैंपल लिए गए और 1262 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 22 अप्रैल को 8189 सैंपल लिए और 1604 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
23 अप्रैल को 10079 सैंपल व 1477 पॉजिटिव, 24 अप्रैल को 10809 सैंपल व 1893 लोग पॉजिटिव, 25 अप्रैल को 7137 और 1323 पॉजिटिव केस आए। वहीं, 26 अप्रैल को 9516 सैंपल लिए गए और 1675 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एक सप्ताह के दौरान करीब 163 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। हर दिन एक हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा वर्तमान में 89193 के पार पहुंच गया है। सक्रिय मामले 14326 से ज्यादा हो गए हैं। अब तक से अधिक 73478 संक्रमित ठीक हो चुके हैं और 1350 की मौत हुई है।
सरकार ने लगाई नई बंदिशें
कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए सरकार ने कई नई बंदिशें लगाई हैं। पर्यटकों, बाहरी राज्यों में रह रहे प्रदेश के लोगों समेत हर किसी को अब प्रदेश में प्रवेश से पहले कोरोना की आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य होगी। ऑनलाइन पंजीकरण करवाने वालों को ही प्रवेश दिया जाएगा। निगेटिव रिपोर्ट न लाने वालों को 14 दिन क्वारंटीन रहना होगा। उन्हें सात दिन के अंदर टेस्ट करवाना होगा। चार जिलों कांगड़ा, ऊना, सोलन और सिरमौर में रात 10:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक नाइट कर्फ्यू भी लगाया जाएगा। हिमाचल प्रदेश आने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है।