हिमाचल प्रदेश में 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा परिणाम के अगली कक्षा में प्रमोट करने को लेकर मंगलवार को उच्च शिक्षा निदेशालय में बैठक होगी। सोमवार को शिक्षा निदेशालय में जिलों से इस बाबत आए सुझावों को लेकर रिपोर्ट बनाई गई। इस रिपोर्ट पर चर्चा करने के बाद सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
आने वाले दिनों में शिक्षकों और गैर शिक्षकों को स्कूलों में बुलाने के लिए कई जिलों में रोस्टर भी तैयार कर लिए गए हैं। शिक्षकों को दाखिलों से संबंधित कार्यों के लिए बुलाया जाएगा। सरकार ने जरूरत अनुसार ही कम से कम शिक्षकों को बुलाने का फैसला लिया है। उधर, यूजीसी ने कॉलेज विद्यार्थियों को साइबर क्राइम का पाठ पढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं। इसको लेकर भी आगामी रणनीति बनाने में शिक्षा निदेशालय के अधिकारी जुट गए हैं।