हिमाचल के कांगड़ा जिले में डाढ़ पंचायत के कोरोना पॉजिटिव युवक 10 अन्य लोगों के साथ टेंपो ट्रैवलर से पहुंचे थे। उनके साथ पांच बच्चे भी थे। इनमें अधिकतर लोग डाढ़ के वार्ड एक और दो के थे। एक युवक गोपालपुर का है। जिला प्रशासन पॉजिटिव युवकों का यात्रा इतिहास खंगाल रहा है। 21 मई को घर पहुंचे इन सभी लोगों को होम क्वारंटीन किया गया था।
इन्हें परिवार से अलग रखा गया था। कुछ लोगों का यहां तक कहना है कि वार्ड नंबर एक का युवक पड़ोस में होने वाले एक कार्यक्रम में भी गया था। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। उधर, एसडीएम पालमपुर धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि जिला प्रशासन युवकों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रहा है। युवकों को परिजनों के सैंपल लिए जाएंगे। इन्हें डाढ़ की जालंधर धर्मशाला में बनाए कोविड सेंटर में आइसोलेट किया गया है।
दहशत में कोविड सेंटर के साथ साथ लगता परिवार
जिला प्रशासन की ओर से डाढ़ में बनाए गए कोविड सेंटर से साथ में रहने वाला परिवार दहशत में है। परिवार के सदस्य लोहलु राम व विजय कुमार ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि कोविड सेंटर में मरीज रखे जाएंगे। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं, जो इस सराय के आंगन में खेलते रहते हैं।