प्रदेश में कर्फ्यू-लॉकडाउन के दौरान वीरवार को पांवटा के तारुवाला, माजरा व मिश्रवाला के बफर जोन में सख्ती बढ़ाई गई। बुधवार रात को पहले कोरोना पॉजिटिव एक जमाती की रिपोर्ट निगेटिव आने की अच्छी खबर आई थी लेकिन, देर रात को दूसरी खबर परेशान करने वाली आई। इसमें तारुवाला क्वारंटीन सेंटर के एक जमाती के रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसके बाद फिर से सख्ती बढ़ा दी गई है।
जिला सिरमौर के माजरा थाना क्षेत्र के तहत पड़ने वाली आधा दर्जन पंचायतों माजरा, मिश्रवाला, हरिपुरखोल, तारुवाला, पिपलीवाला व पल्होड़ी में सख्ती बढ़ा दी गई है। इन क्षेत्रों में फिलहाल रियायतें बंद हैं। किसी वाहन व राहगीर को चलने के लिए तैनात पुलिस कर्मी में गुजरने नहीं दे रहे। फिर से एक जमाती की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर हॉटस्पॉट व बफर जोन में पुलिस सख्त नजर आई। विशेषकर मिश्रवाला व लोहगढ़ क्षेत्रों में सोलन से पहुंचे जमाती पिछले माह रहे है। मिश्रवाला व लोहगढ़ का पूरा इलाका सील किया गया है।
जिला प्रशासन लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहा है। माजरा मुख्य बाजार में दुकानें बंद रहीं। मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करवाने वाले निजी क्लीनिक खुले रहे। दूध, सब्जी व परचून का सामान घर पर ही पहुंचाया जा रहा है। दुकानें खोलने की छूट नहीं दी गई है। माजरा के प्रधान बिजेश गोयल व व्यापार मंडल प्रधान अमित गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन का पूरा सहयोग किया जा रहा है। इससे कर्फ्यू व लॉकडाउन के नियमों का कोई उल्लंघन न हो। नियम तोड़ने पर माजरा थाना पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है।
लाउड स्पीकर से ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक
कोरोना महामारी को लेकर पांवटा व पुरुवाला थाना प्रभारी लोगों को लाउड स्पीकरों के माध्यम से जागरूक कर रहे हैं। पांवटा, नवादा, डेंटल कॉलेज कुंजा मतरालियो-रामपुरघाट, बांगरन व पुरुवाला क्षेत्रों में पुलिस टीम लाउड स्पीकरों से जागरूक कर रहे हैं।
तारुवाला क्वारंटीन सेंटर में एक जमाती के पॉजिटिव आने के बाद जिलाधीश सिरमौर व एसपी सिरमौर की टीम ने पांवटा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान सेंटर परिसर में तैनात स्वास्थ्य विभाग व पुलिस कर्मियों को उचित दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान 9 बुजुर्ग जमातियों को अलग कमरों में रखने को कहा गया। इसके लिए 4 और कमरे लिए गए हैं।
वीरवार शाम के समय डीसी सिरमौर डॉ. आरके परुथी व एसपी सिरमौर अजय तारुवाला स्कूल में बने क्वारंटीन सेंटर पहुंचे। डीसी सिरमौर ने सेंटर में जमातियों के खाने, ठहरने समेत सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने कहा कि जिलाधीश डॉ. आरके परुथी द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन होगा। बीएमओ राजपुर डॉ. अजय देओल व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कमाल पाशा सुबह व शाम प्रतिदिन जमातियों का स्वास्थ्य जांचेंगे।