हिमाचल प्रदेश में रविवार को 92 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। कांगड़ा में 76 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत हुई है। मंडी 36, हमीरपुर 27, कांगड़ा 9, चंबा 5, बिलासपुर और लाहौल-स्पीति 3-3, शिमला, ऊना 4-4 और सोलन में एक मामला आया है। पिछले 24 घंटे में 140 मरीज स्वस्थ हुए हैं और 3601 सैंपल लिए गए।
मंडी जिले के धर्मपुर में एक बोर्डिंग स्कूल के विद्यार्थियों सहित स्टाफ के सदस्य 25 सदस्य संक्रमित आए हैं। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में 188 सैंपलों की जांच की। इसमें अकेले बोर्डिंग स्कूल धर्मपुर से 25 मामले, सदर से 3, बल्ह से 3, जोगिंद्रनगर 1, गोहर 1, सरकाघाट 1 और करसोग से दो मामले सामने आए हैं।
सीएमओ मंडी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने कहा कि लोग संक्रमण के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। इसके चलते कोरोना मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। अभी भी लोग नहीं संभले तो आने वाले दिनों में यह आंकड़ा बढ़ सकता है। उन्होंने जनता से कोरोना नियमों की कड़ाई से पालना करने का आह्वान किया है।
केंद्र के निर्देश, तीसरी लहर को लेकर तैयारियां रखे सरकार
कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर केंद्र सरकार ने हिमाचल सरकार को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अक्तूबर और नवंबर में तीसरी लहर आने की संभावना है। इसको लेकर सरकार ने तैयारियां करने के लिए कहा है। बंदिशों में ज्यादा ढील दिए जाने से मामले बढ़ सकते हैं।
इधर, स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने सभी सीएमओ के साथ वर्चुअल बैठकर तीसरी लहर की तैयारियों की समीक्षा की। वेंटिलेटर, बिस्तरों, पीडियाट्रिक्स वार्ड की स्थिति के बारे में सीएमओ से फीडबैक लिया।