फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में तीन और कोरोना संक्रमितों की मौत, 299 नए पॉजिटिव मामले

Wed, 23 Sep 2020 10:27 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हिमाचल में तीन और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमित दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा अब तक 22 हो गया है। वहीं कोरोना संक्रमण ने अब सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में अपने पांव पसारना शुरू कर दिए हैं। जोगिंद्रनगर के 62 वर्षीय व्यक्ति की सुबह मौत हो गई है। वह क्षय रोग से पीड़ित था। जबकि शाम को सरकाघाट के हवाली डाकघर रोपड़ी निवासी 60 वर्षीय ने भी दम तोड़ दिया है। जोगिंद्रनगर निवासी पॉजिटिव व्यक्ति को 21 सितंबर को रेपिड एंटीजन टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। वहां सुबह सवा सात बजे उसकी मौत हो गई। शव का अंतिम संस्कार वीरवार सुबह सुकेती खड्ड किनारे होगा। नोडल अधिकारी मेडिकल कॉलेज नेरचौक डॉ. जीवानंद शर्मा ने पुष्टि की है।

विज्ञापन


वहीं, शाम को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल(आईजीएमसी) में बिलासपुर के 73 वर्षीय कोविड पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई है। मरीज बुधवार को ही आईजीएमसी में दाखिल किया गया था। कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद आईसोलेशन वार्ड में दाखिल था। लेकिन दोपहर बाद मरीज की मौत हो गई। उधर प्रदेश में बुधवार को 299 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। कुल्लू में 34, चंबा में 25, कांगड़ा 45, ऊना 26, मंडी में 31, सोलन 38, शिमला में 46, हमीरपुर में 7, बिलासपुर 14, लाहौल-स्पीति में 6 और सिरमौर में 27 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 13049 पहुंच गया है। 3952 सक्रिय मामले हैं। अब तक 8937 मरीज ठीक हो चुके हैं।

बुधवार को 446 और मरीज ठीक हो गए। कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा 136 पहुंच गया है। एनएचपीसी नगवाईं, एचपीएसइबी थलौट के चार, एसबीआई मंडी के दो कर्मियों समेत बुधवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 31 मामले आए हैं। शिमला जिले में संजौली, न्यू शिमला, कसुम्पटी, छोटा शिमला, आईजीएमसी, पंथाघाटी, लांगवुड, बीएसएनएल कॉलोनी, घनाहट्टी, अनाडेल, भट्ठाकुफर, विकासनगर, विधानसभा के पास, अनाडेल, रामपुर, एसएसबी शिमला, बनूटी, रोहड़ू, नेरवा, जुब्बल, कोटखाई, कुमारसैन, कनलोग के अलावा बिलासपुर, सिरमौर और चंबा के मामले आए हैं। 
विज्ञापन


राजभवन में भी कोरोना की दस्तक
कोविड महामारी ने हिमाचल के राजभवन में दस्तक दे दी है। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के एडीसी (रक्षा) के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद राजभवन में हड़कंप मच गया है। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, उनके सचिव राकेश कंवर और एडीसी पुलिस समेत पूरा निजी स्टाफ आइसोलेट हो गया है। फिलहाल, सभी को कोरोना के कोई भी लक्षण नहीं मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग व राज्यपाल की देखरेख के लिए तैनात मेडिकल टीम नजर बनाए हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि अगर लक्षण मिलते हैं तो कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। दरअसल, वायु सेना के स्वाड्रन लीडर कुमार गौरव रक्षा मंत्रालय की ओर से राज्यपाल के एडीसी के तौर पर तैनात हैं।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को लक्षण दिखने के बाद उनका कोरोना सैंपल लिया गया। देर रात उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व उनका स्टाफ आइसोलेट हो गया। एडीसी के पॉजिटिव आने के बाद राज्यपाल अगले कुछ दिन के लिए किसी से नहीं मिलेंगे। राज्यपाल के सचिव, एडीसी पुलिस और निजी स्टाफ भी अगले आदेश तक आइसोलेट हो गया है। बताया जा रहा है कि राज्यपाल व उनके निजी स्टाफ के कुछ लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी रिपोेर्ट देर रात तक आने की संभावना है। अगर उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो पूरे राजभवन के सभी स्टाफ के टेस्ट भी कराए जा सकते हैं। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें