शिमला। दिन: रविवार। समय दोपहर साढ़े 3 बजे। राजधानी के मालरोड पर आज भारी भीड़ है। नया साल मनाने शिमला आए हजारों सैलानी मालरोड पर घूम रहे हैं। इनमें ज्यादातर के मास्क गले में लटके हैं। नाज चौक से लोअर बाजार की ओर जाएं तो यहां आज भारी भीड़ जुटी है। संडे मार्केट के चलते सड़क पर दुकानें सजी हैं जिससे पैदल चलने के लिए सड़क तंग हो गई है। नाज चौक से मैहरू चौक तक का हिस्सा खचाखच भरा है। यहां सोशल डिस्टेसिंग तो दूर, कई लोग बिना मास्क चल रहे हैं। बाजार में कई पुलिस के जवान भी घूम रहे हैं, लेकिन यहां सोशल डिस्टेंसिंग या मास्क पहनने को लेकर कोई सख्ती नहीं कर रहे। सब्जी मंडी चौक के पास के होटलों में काफी लोग बैठे हैं। समोसे, टिक्की समेत खाने पीने की चीजें बेचने वाले कारोबारी बिना मास्क ग्राहकों को इसे परोस रहे हैं। कई होटलों में भीड़ इतनी ज्यादा है कि कुछ लोग बाहर अपनी बारी के इंतजार में भी खड़े हैं। संडे मार्केट में कई तहबाजारी मास्क भी बेच रहे हैं। सब्जी मंडी के पास मास्क बेच रहे दो तहबाजारी खुद बिना मास्क खड़े हैं। पंसारी चौक और लोअर बाजार टनल के पास भी भीड़ काफी ज्यादा है। यहां कारोबारियों ने तो अतिक्रमण किया ही है, साथ ही कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे तहबाजारी भी बैठा रखे हैं।
बाजारों के भी हाल बेहाल, एटीएम से सैनिटाइजर गायब
शहर के रामबाजार में भी अतिक्रमण और भारी भीड़ के चलते पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। बसस्टैंड से आने वाले सैलानियों की आवाजाही यहीं से होती है। बस स्टैंड पर बिना मास्क घूमने वालों को कोई पूछने वाला नहीं है। एचपीटीडीसी की लिफ्ट से मालरोड आने वाले सैलानी मास्क नहीं पहन रहे। हालांकि, इस एरिया में पुलिस की तैनाती भी है। पुलिस इन्हें मास्क पहनने के लिए कह रही है। लेकिन चंद कदम आगे बढ़ते ही सैलानी मास्क गले में लटका रहे हैं। मालरोड पर ज्यादातर एटीएम से अब सैनिटाइजर भी गायब है।
कहीं भारी न पड़ जाए नए साल का जश्न
करीब दो साल बाद राजधानी में सैलानियों का इतना ज्यादा जमावड़ा लगा है। नए साल के जश्न के लिए हजारों सैलानी शिमला आ रहे हैं। ऐसे में शहर के कारोबारियों को काफी फायदा भी हो रहा है, लेकिन नियम लागू न होने के कारण कोरोना संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। शिमला व्यापार मंडल उपाध्यक्ष अजय सरना ने कारोबारियों से अपील की है कि सभी नियमों का पालन करें। खुद मास्क पहनें और सैलानियों को भी मास्क पहनने के लिए प्रेरित करें।