राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा है कि मोदी सरकार के 4 माह के शासन काल में आम जनता को कोई राहत नहीं मिली है और न ही देश के लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए मोदी सरकार ने कुछ किया है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि मोदी सरकार ने जिन अच्छे दिनों को लाने का वायदा किया था, ऐसा लगता है वे अच्छे दिन आम जनता के लिए नहीं, बल्कि भाजपा नेताओं के आए हैं। मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई बेतहाशा बढ़ी है।
खाद्य वस्तुओं के साथ-साथ फलों व सब्जियों के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं और गरीब आदमी के लिए अपने परिवार का पालन-पोषण करना निरंतर मुश्किल होता जा रहा है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपाइयों ने लोकसभा चुनावों के दौरान देश की जनता के सामने वायदों की झड़ी लगा थी और वोट हासिल करने के चक्कर में एक से बढ़कर एक सपने जनता को दिखाए गए, लेकिन अब भाजपा नेताओं ने उन तमाम वायदों से अपनी नजरें चुराना शुरू कर दी हैं।
मोदी सरकार ने देश के युवाओं के लिए अभी तक कोई कारगर नीति नहीं बनाई है और न ही युवाओं को नौकरियां प्रदान करने की तरफ मोदी सरकार कोई ध्यान दे रही है।