शिमला शहर के सुंदरीकरण के लिए पौने दो सौ करोड़ में से 132 करोड़ रुपये के काम जोरों पर चल रहे हैं। इनमें शहर में स्ट्रीट लाइटें, ड्रेनेज, डस्टबिन, पुलिस बूथ, ई-टॉयलेट, टाउन हाल का जीर्णोद्धार सहित कई काम हो रहे हैं।
मंगलवार को कार्ट रोड से मॉल रोड तक बनने वाली लिफ्ट की आधारशिला भी जाएगी। लिफ्ट के निर्माण में 6.50 करोड़ खर्च होंगे। लक्कड़ बाजार से माल रोड तक भी लिफ्ट बनाना प्रस्तावित है, इसके लिए अभी जगह की तलाश की जा रही है। अगर यह योजना भी सिरे चढ़ जाती है तो लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से माल रोड आने वाले लोगों और सैलानियों को बड़ी राहत होगी।
सुंदरीकरण के दायरे में पूरे शहर को लिया गया है। चौड़ा मैदान से लेकर संजौली तक सभी जगहों पर सुंदरीकरण का काम हो रहा है। माल रोड से लोअर बाजार तक सुंदरीकरण के नाम पर केवल तीन जगह में सीढ़ियों पर ग्रेनेट लगाया जाना था लेकिन पर्यटन महकमे के प्रयासों से अब सभी सीढ़ियों में ग्रेनेट लगवाया गया है।
नवबहार से लेकर फॉरेस्ट रोड पर कहीं भी कोई शौचालय नहीं है। यह पैदल रास्ता है और यहां लोग वॉक के लिए भी आते हैं। आम जनता की सुविधा को देखते हुए यहां ई- टॉयलेट बनाए जा रहे हैं। एडवांस्ड स्टडी में भी कायाकल्प किया जा रहा है।
सीएम 4.30 बजे रखेंगे लिफ्ट की आधारशिला
माल रोड सुंदरीकरण परियोजना में एशियन डेवलपमेंट बैंक से प्राप्त वित्तीय सहायता से कार्ट रोड से मॉल रोड के लिए लिफ्ट बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंगलवार को शाम 4.30 बजे लिफ्ट की आधारशिला रखेंगे।
25 लोगों के भार को उठाने वाली लिफ्ट के निर्माण कार्य में करीब साढ़े छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को सुविधा प्रदान करने के दृष्टिगत अधिक गति और क्षमता की एक और लिफ्ट वर्तमान लिफ्ट के नजदीक स्थापित की जा रही है। वर्तमान लिफ्ट का भी सुंदरीकरण होगा।
यह मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट : जनारथा
एचपीटीडीसी के वाइस चेयरमैन हरीश जनारथा ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के मार्गदर्शन से शिमला शहर में सुंदरीकरण परियोजना का काम जोरों पर चला हुआ है। 132 करोड़ के काम अभी हो रहे हैं। कार्ट रोड से मालरोड़ तक नई लिफ्ट लगाना उनका ड्रीम प्रोजेक्ट था। लक्कड़ बाजार से भी माल रोड तक लिफ्ट प्रस्तावित है। जमीन का चयन कर रहे हैं।
न्यू शिमला में कार पार्किंग का शिलान्यास
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अमृत मिशन में नगर निगम कार पार्किंग का सेक्टर तीन न्यू शिमला में शाम तीन बजे शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, कसुम्पटी विधायक अनिरुद्ध सिंह और महापौर संजय चौहान भी मौजूद रहेंगे। मंगलवार को अमृत मिशन में नगर निगम कार पार्किंग टुटू का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे।
मुख्यमंत्री करेंगे दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण
राजधानी में बिजली संकट से निजात मिल जाएगी। विद्युत बोर्ड ने राजधानी के साथ लगते क्षेत्रों में एक साथ दो पावर स्टेशनों का निर्माण पूरा कर लिया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भट्ठाकुफर और संकटमोचन में विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण करेंगे। विद्युत बोर्ड के लोक संपर्क उपनिदेशक अनुराग पराशर ने बताया की मंगलवार को 33 केवी भट्ठाकुफर में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र का डेढ़ बजे और संकटमोचन के नजदीक 33 केवी के पावर स्टेशन का शाम चार बजे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह लोकार्पण करेंगे।
शहर समेत चार पंचायतों को लाभ
भट्ठाकुफर विद्युत उपकेंद्र से शिमला शहर के भट्ठाकुफर, ढली, समिट्री, फल मंडी के साथ- साथ 4 पंचायतों के 15 गांवों के लगभग 49 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।