हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोगों की समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अब स्थिति नियंत्रित करने के लिए खुद कमान संभाल ली है। मुख्यमंत्री ने रविवार को पीडब्ल्यूडी, बिजली, आईपीएच व वन विभाग के अफसरों को तेजी से काम कर लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
सीएम वीरभद्र सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बंद मुख्य मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर तथा सभी संपर्क मार्गों को जल्द से जल्द आवाजाही के लिए खोलने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करें। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड को भी बर्फबारी के कारण तथा पेड़ गिरने से बाधित बिजली आपूर्ति को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग को राज्य में बर्फबारी अथवा भारी वर्षा के कारण बंद जलापूर्ति योजनाओं को जल्द से जल्द बहाल करने में श्रम शक्ति व मशीनरी को तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम शिमला को भी अपनी परिसीमा के भीतर बिजली व पानी सहित आवश्यक सेवाओं की बहाली के कार्यों में तेजी लाने को कहा है। साथ ही वन विभाग को भी पेड़ हटाने के लिए अन्य विभागों को सहयोग करने को कहा है।
195 जेसीबी, 20 डोजर मशीनें लगी काम में
मुख्यमंत्री के निर्देश का जबरदस्त असर देखने को मिला है। सीएम के निर्देश के चंद घंटों के भीतर शिमला-मनाली तथा शिमला-चंडीगढ़ राजमार्गों को यातायात के लिये खोल दिया गया है। साथ ही सुप्रसिद्ध पर्यटक स्थल कुफरी तथा चंबा जिले के डल्हौजी को भी यातायात के लिये खोल दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता एके कोहली ने बताया कि राज्य के विभिन्न भागों में मुख्य 70 सड़कों को आवाजाही के लिये खोल दिया गया है। विभाग ने बंद मार्गों को खोलने के लिये 195 जेसीबी मशीनें, 20 डोजर तथा 10 फ्रंट एनलोडरों के अलावा बड़ी संख्या में श्रमशक्ति को तैनात किया है और बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
जल्द शुरू होंगी बिजली की लाइनें
भारी बर्फबारी और पेड़ टूटने की वजह से शुक्रवार शाम से बाधित चल रही राजधानी शिमला की बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने के लिए बिजली विभाग भी युद्घ स्तर पर जुटा हुआ है। विभाग के वरिष्ठ अभियंता ने बताया कि अधिकांश उपनगरों में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में पेड़ व खंभे गिरने से बिजली लाइनें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
जतोग से भराड़ी 33 केवी लाईन को बहाल करने का कार्य चल रहा है और दो-तीन स्थानों पर पेड़ हटाने के बाद ही लाईन को दुरुस्त किया जा सकेगा। वहीं, समरहिल के नजदीक सांगटी क्षेत्र में पेड़ व खंभे गिरने के कारण विद्युत आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। लेकिन विभाग शीघ्र ही इसे बहाल करने के प्रयास करेगा।