हिल्सक्वीन शिमला आने वाले सैलानियों को अब हिमाचल के प्रवेश द्वार से ही हवा में पहाड़ों की सैर करवाते हुए शिमला तक पहुंचाने की कवायद शुरू हो गई है। परिवहन विभाग ने शिमला के सफर को और रोमांचक बनाने के लिए नए साल पर परिवहन के नए विकल्प देने की तैयारी शुरू कर दी है।
हिमाचल के प्रवेश द्वार परवाणू से लेकर राजधानी शिमला तक रोपवे बनाने की योजना है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने हाल ही में इस योजना के प्रस्ताव को लेकर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ बैठक भी कर ली है। केंद्र सरकार प्रोजेक्ट के लिए आर्थिक सहायता देने को तैयार है।
इस परियोजना के तहत रोपवे परवाणू से पहाड़ों से होते हुए 86 किलोमीटर दूर शिमला पहुंचाएगा। परवाणू के बाद धर्मपुर, बड़ोग, कंडाघाट और तारादेवी में रोपवे लोडिंग-अनलोडिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे।
इन प्वाइंटों पर बहुमंजिला पार्किंग स्टैंड और शॉपिंग कांप्लेक्स बनाए जाएंगे। यहां सैकड़ों गाड़ियों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। हिमाचली व्यंजनों के स्टाल के साथ-साथ यहां अन्य मनोरंजन के साधन व अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के स्टाल भी स्थापित किए जाएंगे।