मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाएं। खनन करने वाले लोगों की धर पकड़ करें तथा सरकार संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएं।
नालागढ पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनी तथा उन पर सहानुभूति पूर्व विचार करने का आश्वासन दिया। मुख्यमत्री कालका से चुनाव प्रचार करने के बाद वह ऊना जा रहे थे। कुछ देर के लिए नालागढ़ में रूके। ऊना में मंगलवार को बाथू में सीएम जनसभा को संबोधित करेंगे।
रिडियाली पंचायत के उपप्रधान प्रेम चंद ने सीएम को बताया कि उनकी पंचायत में मछली पालन के नाम से कुछ लोगों ने सरकारी पाइप लाइन का दुरपोयग किया है। जिस पर सीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों की भी कलास ली। उन्होंने मौके पर डीएसपी खजाना राम को कहा कि जिन लोगों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान किया उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएं।
सीएम ने नालागढ़ के रेस्ट हाउस में बीबीएन के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में विकास कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीबीन में 33 करोड़ की लागत से सीवरेज योजना कोशीघ्र लागू कराएं। सौ करोड़ रुपये पेयजल योजनाओं पर खर्च किए जा रहे है। इन कार्यो में भी गुणवत्ता जांची जाए।
पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा कि वह पिछले तीन दिन से हरियाणा में चुनाव प्रचार में थे। सोमवार को कालका में उनकी जनसभा थी। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में तीसरा बार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। इस मौके पर ट्रांसपोर्टर, किसानों व व्यापारियों ने अपनी अपनी समस्याएं रखी।
जिस पर मुख्यमत्री ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान उनके साथ उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, हरदीब बाबा, दून के विधायक राम कुमार चौधरी, पूर्व विधायक लज्जा राम, पीसीसी सदस्य चौधरी मदन लाल, पूर्व विधायक लखविद्र राणा, अवतार सैणी, जिप सदस्य परमजीत सिंह पम्मी असीम शर्मा समेत गणमान्य लोग उपस्थित थे।
नारेबाजी के चलते नहीं रूके ट्रक यूनियन में
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कालका से ऊना जाते हुए ट्रक आपरेटर यूनियन में कुछ समय के लिए रुकने थे। मुख्यमंत्री के साथ हरदीप बाबा व मुकेश अग्निहोत्री भी थे। लेकिन जैसे ही बद्दी ट्रक यूनियन में रूके तो वहां पर लोगों ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी । जिसके चलते सीएम एक बार उतरने के बाद वापस गाड़ी में बैठ गए। यूनियन में सोमवार को भंडारे का आयोजन किया गया था।