उधर, चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में बड़े चेहरों के साथ कांग्रेस ने रोड शो निकाल कर जनता से वोटों की अपील की। सर्किट हाउस से मूल माहूंनाग के मंदिर, रामनगर, भगवान, थनेहड़ा, पैलेस 2, सुहड़ा मुहल्ला, समखेतर वार्डों से समर्थन रैली निकली। जिसमें कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोटों की अपील की गई। सीएम के घर में ही भाजपा को घेरते प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि नगर निगम चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हर वार्ड में जाकर दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम चुनावों के दौरान सरकारी तंत्र का जमकर दुरुपयोग कर रहे हैं। हेलीकाप्टर का बेवजह लगातार इस्तेमाल किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी आई तो मर्ज क्षेत्रों में 10 साल तक टैक्स माफ होगा। इस दौरान पूर्व मंत्री जीएस बाली, कौल सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक सोहन लाल, प्रदेश कांग्रेस पार्टी के महासचिव विक्रमादित्य सिंह, आश्रय शर्मा, चंपा ठाकुर, चेतराम ठाकुर, राजीव किमटा, देवेंद्र शर्मा, जिला कांग्रेस के प्रधान प्रकाश चौधरी, रवि ठाकुर, मस्त राम मौजूद रहे।
हार को देख बेचैन कांग्रेस : जंवाल
मंडी। कांग्रेस पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री राकेश जंवाल ने कहा कि नगर निगम चुनावों में करारी हार को निकट देखते हुए कांग्रेस पार्टी बेचैन है। कभी बाली को मंडी का प्रभार देती है, कभी उनसे छीन कर कौल सिंह को तो कभी उनसे छीन कर किसी और को। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को टक्कर देने वाला कोई नहीं है। कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। कांग्रेस पार्टी का भ्रष्टाचार से इतना गहरा नाता है कि अपने घोषणा पत्र के पहले पन्ने को इन्होंने केवल भ्रष्टाचार को समर्पित कर दिया है।