मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर(फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के दूरदर्शी नेतृत्व में हरियाणा राज्य में अभूतपूर्व विकास हुआ है और उन्होंने भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करके इस प्रगति की निरंतरता को बनाए रखने के लिए लोगों से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विपक्ष विभाजित है और उसके पास कोई मुद्दे नहीं हैं। बुधवार को पंचकूला विधानसभा क्षेत्र के बरवाला और हरियाणा की कालका विधानसभा क्षेत्र के चैहान चैक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में विशाल जनसभाएं कीं।
सीएम जयराम ठाकुर ने इन विधानसभा क्षेत्रों की जनता से पंचकूला के बीजेपी उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता और कालका की लतिका शर्मा के पक्ष में वोट देने का आग्रह किया, जिसमें इन क्षेत्रों में विकास की निरंतरता बनी रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत मजबूत और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है और पूरे विश्व में भारत को महाशक्ति के रूप में जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। अनुच्छेद 370 को हटाना इनमें शामिल हैं।
अब उनके सशक्त नेतृत्व के कारण यह साहसिक निर्णय संभव हुआ है, जिससे जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में शांति, प्रगति और समृद्धि के नए युग का आरंभ होगा। पूरे विश्व ने भारत के मजबूत एवं कुशल नेतृत्व को स्वीकारा है और यह प्रधानमंत्री की राजनीतिक इच्छा शक्ति के कारण ही संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं आरंभ की हैं, जो आम आदमी के जीवन में बड़े परिवर्तन लाने में सफल हुई हैं।
इसके बाद शाम को मुख्यमंत्री ने कालका विधानसभा क्षेत्र के मडावला में एक चुनाव रैली को भी संबोधित करते हुए बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में वोट देने का आग्रह किया।