फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम जयराम ठाकुर ने कोरोना कर्मवीरों से की बात, जताया आभार

Tue, 14 Apr 2020 08:20 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
विज्ञापन
 मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर(फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

 मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा, और श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक के चिकित्सकों, पैरा मेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मचारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग से बातचीत कर बेहतरीन सेवाएं देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इन तीनों चिकित्सा संस्थानों ने कोविड-19 के प्रारंभिक मामलों का उपचार किया था। इन चिकित्सकों, पैरा मेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मचारियों को अब क्वारंटीन में रखा गया है।

विज्ञापन


आईजीएमसी के डॉ. लोकेश, डॉ. निशांत, डॉ. सतीश, डॉ. मनोज, सिस्टर शीला और सिस्टर प्रियंका से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के मरीजों के उपचार के लिए उन्होंने निर्भीक और निस्वार्थ सेवाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने डॉ. यामिनी, डॉ. हिमांशु, डॉ. रजत, डॉ. नीतिश और डॉ. मनु शर्मा से भी बातचीत की और मरीजों के उपचार के प्रति उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से टांडा अस्पताल में कोविड-19 के पहले दो पॉजिटिव मरीजों से अस्पताल से छुट्टी के बाद खुद बातचीत की। उन्होंने कहा कि दोनों मरीजों ने टांडा मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों की ओर से दी गई सेवाओं की सराहना की है।

कोरोना योद्धाओं की सेवाएं प्रेरणादायक
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने डॉ. रेखा बंसल, डॉ. राजेश कुमार के अतिरिक्त श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक जिला मंडी के प्रधानाचार्य डॉ. रजनीश पठानिया से भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने मरीजों के प्रति उनकी सेवाओं की सराहना करते हुए उनके मरीजों के उपचार के अनुभवों को भी सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कोरोना योद्धाओं की ओर से दी गई सेवाएं निसंदेह चिकित्सा क्षेत्र में प्रेरणादायक हैं।

विज्ञापन

पुलिस कर्मचारियों की प्रशंसा
इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्काइप के जरिए शिमला जिला के कुड्डू बैरियर में तैनात एएसआई चिंतामणि और नेरवा में तैनात एएसआई लोकेंद्र से भी बातचीत की। सीएम ने सिरमौर जिला में तैनात हेड कांस्टेबल आशु अग्रवाल और सोलन जिला के परवाणू में कार्यरत इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार से भी बातचीत की। जयराम ने कोराना वायरस के कारण प्रदेश में लगाए गए कर्फ्यू के दौरान सराहनीय सेवाएं देने के लिए इन सभी पुलिसकर्मियों की प्रशंसा की। उन्होंने सभी से अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने का भी आग्रह किया।    
विज्ञापन

गैर-पंजीकृत श्रमिकों को वित्तीय सहायता दे सरकार : राज्यपाल

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय - फोटो : सोशल मीडिया
वहीं, राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने मौजूदा लॉकडाउन की स्थिति में राज्य में गैर-पंजीकृत श्रमिकों को भी प्रतिमाह वित्तीय सहायता और एक माह का राशन दिए जाने की व्यवस्था करने को कहा है। मंगलवार को राजभवन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए राज्यपाल ने कहा कि गैर पंजीकृत श्रमिकों को इस स्थिति में किसी समस्या का सामना न करना पड़े। इसके लिए सरकार पुख्ता बंदोबस्त करे। राज्यपाल ने कहा कि गैर-पंजीकृत श्रमिकों और गैर पंजीकृत ठेकेदारों की संख्या का आंकड़ा रखा जाना चाहिए। कोशिश की जा सकती है कि इस स्थिति में गैर-पंजीकृत श्रमिकों के लिए छोटे स्तर पर शिविर लगाए जा सकें।

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन खत्म होने के साथ ही ऐसे प्रवासी श्रमिक जो वापस अपने राज्य जाना चाहते हैं, उनके लिए व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि ऐसे समय में इन मजदूरों को उद्योगों से नहीं निकाला जाना चाहिए और इसके लिए विभाग को उद्योग विभाग से भी समन्वय स्थापित करना चाहिए। दत्तात्रेय ने कहा कि राज्य में ईएसआईसी औषधालयों की सेवाओं का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को लाभ मिल सके। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव निशा सिंह ने राज्यपाल को विभाग की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। राज्यपाल के सचिव राकेश कंवर भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें