सरकारी स्कूलों से पढ़कर प्रतिष्ठित पदों पर पहुंचे हिमाचलियों को सरकार बुधवार को सम्मानित करेगी। राज्य सचिवालय में होने वाले समारोह के दौरान 11 शख्सियतों को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज सम्मानित करेंगे। इन प्रतिभाशाली व्यक्तियों की सरकारी स्कूलों में इनरोलमेंट बढ़ाने में भी मदद ली जाएगी।
राज्य उच्च शिक्षा निदेशालय की मूल्यांकन एवं नवीन पहल इकाई की ओर से अखंड शिक्षा ज्योति मेरे स्कूल से निकले मोती योजना के इस सम्मान समारोह करवाया जा रहा है। शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि डॉ. हिमेश शर्मा, रजनीश जमवाल, नितिन शर्मा, गौरव शर्मा, वरुण भारद्वाज, विशाल बतरा, मनीष चौधरी, विवेक अग्रवाल, नीरज जोशी, राहुल मोहन और डॉ. ओपी सिंह को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की पाठशालाओं से शिक्षित उद्योग जगत में प्रतिष्ठित पदों पर कार्य कर रहे हिमाचलियों को सरकार ने सम्मानित करने का फैसला लिया है। इसी कड़ी में इन 11 लोगों का चयन किया गया है। यह व्यक्ति बहुराष्ट्रीय कंपनियों में सीईओ से लेकर अन्य प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं।