शिमला। पुलिस की एसआईयू टीम ने दो युवकों को हेरोइन (नशीला पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 25.70 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। आरोपी की पहचान सुमेश (23) तहसील निरमंड निवासी और रमनदत्ता (35) पुजारली, रोहड़ू निवासी के तौर पर हुई है। शुक्रवार को इन्हें अदालत में पेश किया गया जहां से पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस के मुताबिक एसआईयू प्रभारी अंबी लाल राणा के नेतृत्व में कुफरी-ठियोग क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। शिमला रूट की एचआरटीसी बस को प्रेमघाट के पास तलाशी के लिए रोका गया। इसमें युवक से तलाशी के दौरान हेरोइन बरामद हुई। इसके पास से एक इंजेक्शन भी मिला है।
प्रारंभिक पूछताछ के मुताबिक आरोपी शिमला के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में फाइनल ईयर का छात्र है। देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर फागू के पास रोहड़ू के युवक से 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। डीएसपी हेड क्वार्टर कमल किशोर वर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। इसके संपर्क में आए संदिग्धों से भी पूछताछ की जाएगी।