नए पुलिस स्टेशन सिस्सू के लिए 18 पद भरने की मंजूरी
जिला लाहौल स्पीति के नए पुलिस स्टेशन सिस्सू के लिए सरकार ने विभिन्न श्रेणियों के 18 पद भरने की मंजूरी दी है। इनमें 1 इंस्पेक्टर, 1 सब इंस्पेक्टर, 2 एएसआई, 2 हेड कांस्टेबल और 12 कांस्टेबल के पदों को भरा जाएगा। साथ ही पुलिस स्टेशन के लिए एक ई-टैक्सी किराये पर लेने के लिए भी मंजूरी दी है। अब सिस्सू क्षेत्र से लेकर अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल और कोकसर तक ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में आसानी होगी। पर्यटन सीजन में अटल टनल के जरिये सैलानी बड़ी संख्या में सिस्सू पहुंचते हैं। अभी तक नॉर्थ पोर्टल सहित सिस्सू और कोकसर में ट्रैफिक सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखने के लिए केलांग से पुलिस जवानों को भेजना पड़ता है। वहीं, सरकार ने नए अपग्रेड पुलिस स्टेशन संसारपुर टैरेस के लिए विभिन्न श्रेणियों के 2 पदों को भरने की स्वीकृति दे दी है। इनमें इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर का 1-1 पद शामिल हैं।