इसे वीआईपी कल्चर कहें या फिर अपनी नाकामियों को छिपाने का तरीका। लेकिन, विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए धर्मशाला आए माननीयों की आवभगत के लिए प्रशासन ने सड़क पर ही कारपेट बिछा दिए हैं।
मिनी सचिवालय के बाहर करीब 50 मीटर सड़क पर बिछे कारपेट को देखकर हर कोई हैरान है। मिनी सचिवालय के समीप बनी दो नई पार्किंग के निर्माण को प्रशासन ने दिन-रात एक करके पूरा तो कर दिया लेकिन, इन्हें जाने वाले रास्तों को पक्का नहीं कर पाया।
ऐसे में माननीयों को धूल से बचाने के लिए कारपेट बिछा दिए हैं। इससे धर्मशाला शीत सत्र को लेकर आई सरकार का वीआईपी कल्चर सामने दिखा है। यह पहला मौका नहीं है, जब माननीयों के स्वागत को कारपेट बिछे हों। इससे पूर्व मध्य प्रदेश में भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रोड शो के लिए सड़क पर
कारपेट बिछाए गए थे। अब मिनी सचिवालय धर्मशाला को जाने वाले रास्ते में कारपेट बिछाए गए हैं। मिनी सचिवालय धर्मशाला में रविवार को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई थी। इसमें मुख्यमंत्री सहित तमाम मंत्रियों के दफ्तर भी बनाए गए हैं।