विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर की ग्राम पंचायत लाड़थ के गांव बरोह के वयोवृद्ध 103 वर्षीय सेवानिवृत्त कैप्टन रुमेल सिंह पठानिया खुद स्कूटी चलाकर मतदान करने पहुंचे। इस दौरान बिना किसी का सहारा लिए वह अकेले ही मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंच गए।
हिमाचल प्रदेश के विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर की ग्राम पंचायत लाड़थ के गांव बरोह के वयोवृद्ध 103 वर्षीय सेवानिवृत्त कैप्टन रुमेल सिंह पठानिया खुद स्कूटी चलाकर मतदान करने पहुंचे। इस दौरान बिना किसी का सहारा लिए वह अकेले ही मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंच गए। पठानिया ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला वरोह में बने पोलिंग बूथ 15 में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हैरानी की बात यह कि इस उम्र तक भी उनकी नजर बिलकुल ठीक है।
विज्ञापन
देश की रक्षा की खातिर तीन लड़ाइयों में दुश्मनों के दांत खट्टे करने वाले कैप्टन रुमेल सिंह ने वोट डालने के बाद अमर उजाला से रूबरू होते हुए बताया कि जंग के मैदान से लेकर लोकतंत्र के पर्व चुनाव में ईमानदारी से अपने हर दायित्व का बखूबी निर्वहन करते आए हैं। पठानिया ने अपनी लंबी उम्र व तंदरुस्ती पर बताया कि वह सुबह चार बजे उठकर नहाकर मंदिर में जाकर शंख ध्वनि के बाद पूजा-पाठ करके, अनुलोम-विलोम करके खेतों में काम करते हैं।