हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड पीएटी (पॉलीटेक्निक एडमिशन टेस्ट-2021) और लीट (लेटरल एंट्री एंट्रेंस टेस्ट) के लिए अगले माह से ऑनलाइन आवेदन मांगेगा। प्रवेश के लिए तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने खाका तैयार कर रहा है। बोर्ड प्रबंधन इस बार प्रयास कर रहा है कि इन विषयों में छात्रों को एंट्रेंस टेस्ट के बाद ही प्रवेश दिया जाए। लेकिन कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए एंट्रेंस टेस्ट का होना मुश्किल लग रहा है।
बोर्ड प्रबंधन की मानें तो प्रवेश परीक्षा के लिए जून माह के पहले सप्ताह में ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे। अगर कोरोना महामारी नियंत्रण में हुई तो जल्द ही प्रवेश के लिए आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं अगर मामलों में लगातार वृद्धि होती है तो बोर्ड के पास दसवीं कक्षा के अंकों की मेरिट के हिसाब से प्रवेश देना अंतिम विकल्प होगा।
पिछली बार मेरिट के आधार पर मिला था प्रवेश
वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों के कारण तकनीकी शिक्षा बोर्ड प्रवेश परीक्षा नहीं करवा पाया था। बोर्ड को अंत में प्रवेश प्रक्रिया को 10वीं कक्षा के अंकों की मेरिट के हिसाब से देना पड़ा था। इस मर्तबा तकनीकी शिक्षा बोर्ड प्रवेश परीक्षा के माध्यम से इन विषयों के लिए प्रवेश देने की कोशिश कर रहा है।
जून माह के प्रथम सप्ताह में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जाने की योजना है। कोशिश की जा रही है कि इस बार प्रवेश परीक्षा के जरिये बनी मेरिट पर दाखिला दिया जाए। बोर्ड उच्चाधिकारियों से वार्ता कर आगामी रणनीति बनाने में जुटा हुआ है। निदेशालय की ओर से जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसी के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया को अमल में लाया जाएगा।
- आरके शर्मा, सचिव, तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला।