हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने रविवार को अनुबंध आधार पर स्टाफ नर्सों के 314 पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा ली। परीक्षा जिला मुख्यालय स्तर पर सुबह के सत्र में ली गई। बारिश होने के बावजूद अभ्यर्थी भीगते हुए परीक्षा केंद्र पहुंचे। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने स्टाफ नर्स के 314 पदों को भरने के लिए पात्र 11 हजार 932 अभ्यर्थियों को रोलनंबर जारी किए गए।
रविवार को जिला मुख्यालय स्तर पर विभिन्न 42 केंद्रों में परीक्षा ली गई। इनमें करीब 11 हजार महिला अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी। जिला बिलासपुर में चार केंद्रों, चंबा में दो, हमीरपुर में पांच, कांगड़ा में आठ, किन्नौर में एक, लाहौल-स्पिति में एक, कुल्लू में दो, मंडी में छह, शिमला में छह, सिरमौर में दो, ऊना में दो और सोलन जिला में तीन परीक्षा केंद्रों में लिखित परीक्षा ली गई।
हालांकि, रविवार सुबह जमकर बारिश हुई। ऐसे में अभ्यर्थियों को भीगते हुए परीक्षा केंद्रों में पहुंचना पड़ा। कुछेक परीक्षा केंद्र जिला मुख्यालय से एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर थे, यहां अभ्यर्थियों को टैक्सियों के माध्यम से पहुंचना पड़ा। उधर, कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के सचिव विजय कुमार का कहना है कि प्रदेश में करीब 11 हजार अभ्यर्थियों ने स्टाफ नर्स की परीक्षा में भाग लिया।