बीटेक की काउंसलिंग के लिए आवेदन करने से वंचित रहे विद्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर ने शनिवार को एक दिन की मोहलत और दी है। यूनिवर्सिटी ने शनिवार सायं पांच बजे तक आवेदन करने का समय देकर बड़ी राहत प्रदान कर दी है।
प्रदेश के कई विद्यार्थी जानकारी के अभाव में बीटेक काउंसलिंग में भाग लेने के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे। शनिवार का दिन उनके लिए बड़ी राहत देगा। हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर के अधीन वर्तमान में प्रदेश में 18 इंजीनियरिंग महाविद्यालय चल रहे हैं।
इसमें चार महाविद्यालय सरकारी क्षेत्र में हैं। चार सरकारी कालेजों समेत इन सभी महाविद्यालयों में बीटेक की कुल 6820 सीटें स्वीकृत हैं। इस बार एआईसीटीई और बीओए की कार्रवाई के बाद शैक्षणिक सत्र 2016-17 में 3960 सीटों के लिए ही दाखिले होंगे।
प्राइवेट कालेजों के खाते में इस बार महज 3240 सीटें ही आई हैं। इस सत्र से पहली बार 50 फीसदी सीटें जेईई, जबकि शेष 50 फीसदी एचपीसीईटी से भरी जाएंगी। टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने काउंसलिंग में भाग लेने के लिए 25 जून तक ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। इसके बाद आवेदन की तिथि को बढ़ाकर 28 जून किया गया, अब शनिवार को एक दिन का समय और दिया गया है।
यह रहेगा काउंसलिंग शेड्यूल
बीटेक की 4 जुलाई से काउंसलिंग शुरू होगी। 25 जुलाई तक चलने वाली काउंसलिंग में कुल छह राउंड होंगे। जेईई के आधार पर काउंसलिंग का प्रथम चरण 4 जुलाई, एचपीसीईटी के आधार पर प्रथम चरण 11 जुलाई से, जेईई का द्वितीय चरण 15 जुलाई, एचपीसीईटी का द्वितीय चरण 22 जुलाई से, बारहवीं कक्षा की मेरिट के आधार पर काउंसलिंग 28 जुलाई से, जबकि बीटेक लेटरल एंट्री स्कीम के तहत 11 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन जमा होंगे।
टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने काउंसलिंग में भाग लेने के लिए 25 जून तक ऑनलाइन आवेदन मांगे। इसके बाद आवेदन की तिथि को बढ़ाकर 28 जून किया गया। बावजूद कुछ विद्यार्थी आवेदन करने से वंचित रह गए थे, जिसके चलते शनिवार को एक दिन की मोहलत और दी गई है। जबकि 4 जुलाई से काउंसलिंग शुरू होगी। 25 जुलाई तक चलने वाली काउंसलिंग में कुल छह राउंड होंगे।-डा. एनएन शर्मा, डीन एकेडमिक हिप्र टेक्निकल यूनिवर्सिटी।