बॉलीवुड फिल्म भूत पुलिस की स्टार कास्ट ने पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में मस्ती की। भूत फिल्म की स्टार कास्ट में सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, यामी गौतम और जैकलीन फर्नांडीज शामिल हैं। सभी कलाकार पिछले दो दिन से पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज सहित आसपास के क्षेत्र की हसीन वादियों को निहार रहे हैं। शनिवार को मैक्लोडगंज की सड़कों पर सैफ अली खान और करीना कपूर खान अपने बेटे तैमूर के साथ घूमते हुए नजर आए। इसके अलावा अन्य स्टार कलाकारों ने भी पर्यटन नगरी की हसीन वादियों को निहारा।
यामी गौतम-जैकलीन फर्नांडीज ने कुनाल पत्थरी मंदिर में टेका माथा
बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम और जैकलीन फर्नांडीज ने जिला मुख्यालय के साथ लगते प्रसिद्ध कुनाल पत्थरी मंदिर में माथा टेका। उन्होंने मंदिर में करीब आधा घंटे तक समय बिताया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में तस्वीरें भी खींचीं। माता कुनाल पत्थरी मंदिर कमेटी के प्रधान जितेंद्र कुमार ने मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें माता की चुनरी देकर सम्मानित किया।
कुनाल पत्थरी मंदिर पहुंची अभिनेत्रियों ने जहां पूरे मंदिर परिसर की परिक्रमा की, वहीं मंदिर में फोटो भी खींचें। अभिनेत्री यामी गौतम ने माता कुनाल पत्थरी मंदिर से सनसेट के समय सेल्फी ली। जिसे उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया है। इसके साथ उन्होंने मंदिर की एक फोटो को भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया है।