हिमाचल प्रदेश में रविवार को 13 कोरोना मरीजों की मौत हो गई जबकि 385 नए मामले सामने आए हैं। लाहौल 122, शिमला 89, कुल्लू 74, कांगड़ा 35, ऊना 19, सोलन-मंडी 13-13, हमीरपुर 8, बिलासपुर 7, सिरमौर 3 और चंबा में 2 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। कुल्लू के आनी के 53 वर्षीय मरीज ने शिमला के डीडीयू अस्पताल में दम तोड़ दिया।
शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में रामुपर के 72 वर्षीय व्यक्ति, आनी की 62 वर्षीय महिला और कुमारसैन की 62 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वहीं नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कुल्लू की 58 वर्षीय महिला, 57 वर्षीय व्यक्ति और 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सोलन के शिल्ली निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग ने एमएमयू अस्पताल में दम तोड़ दिया।
टांडा अस्पताल में रविवार को चार कोरोना मरीजों ने दम तोड़ दिया। सीएमओ कांगड़ा जीडी गुप्ता ने बताया कि मरने वालों में जिला ऊना के दो बुजुर्ग महिला और पुरुष शामिल हैं, वहीं जिला कांगड़ा के भी दो लोग शामिल हैं। पालमपुर के भौरा गांव का 60 वर्षीय बुजुर्ग और फतेहपुर के पवाड़ा गांव के 41 वर्षीय व्यक्ति ने टांडा अस्पताल में कोरोना के कारण दम तोड़ दिया है।
चंबा जिले में 67 वर्षीय महिला ने डलहौजी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। महिला कोरोना संक्रमण के साथ उच्च रक्तचाप और मधुमेह से भी पीड़ित थी। इसके चलते कोरोना संक्रमित होने पर उसकी सेहत में सुधार नहीं हो पा रहा था। महिला को उपचार के लिए डीसीएचसी डलहौजी में रखा गया था। यहां महिला ने दम तोड़ दिया।