थाना क्षेत्र सुजानपुर के अंतर्गत जंगलबैरी-संधोल मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब आठ बजे गैस सिलिंडर लेकर जा रहा एक ट्रक पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें आग लग गई। इसके बाद गैस सिलिंडरों ने भी आग पकड़ ली और करीब छह सिलिंडर धमाकों के साथ फट गए। आसमान की तरफ आग की लपटें उठतीं और जोर-जोर से सिलिंडर फटने के धमाकों से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गई। पंजाब नंबर का यह ट्रक जालंधर से गैस सिलिंडर भरकर संधोल जिला मंडी की ओर जा रहा था। इसी बीच सुजानपुर से यह ट्रक संधोल के लिए निकला तो करीब 15 किलोमीटर आगे जाकर जंगलबैरी के जाखू गांव के समीप सामने से आ रहे एक वाहन को पास देते वक्त सड़क के एक किनारे पलट गया।
जैसे ही यह हादसा हुआ पठानकोट निवासी ट्रक चालक तिलक राज ने अपनी जान बचाते हुए सुरक्षित हादसे का शिकार हुए ट्रक से बाहर निकला आया। पलटने के बाद ट्रक में आग लग गई, जो धीरे-धीरे गैस सिलिंडरों तक पहुंच गई। इसके बाद गैस सिलिंडर ब्लास्ट होना शुरू हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत सुजानपुर पुलिस थाना में फोन करके हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंची और पानी की बौछारों से आग पर काबू पाया गया।
हादसा के बाद मुख्य सड़क पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही बंद करवाई गई थी। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। चालक पूरी तरह सुरक्षित है। इस ट्रक में 270 घरेलू गैस सिलिंडर और 21 कामर्शियल गैस सिलिंडर थे। हालांकि हादसे में कितने सिलिंडर ब्लास्ट हुए हैं और कितने सुरक्षित बचे, इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। थाना प्रभारी ललित महंत ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर से भरा ट्रक पलटने की सूचना प्राप्त हुई थी।
इसके बाद मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कर स्थिति को काबू किया। घटना में ट्रक पूरी तरह राख हो गया है। प्रथम दृष्टि में आधा दर्जन सिलिंडर ब्लास्ट होने की सूचना है। मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई जा रही है। चालक पूरी तरह सुरक्षित है अन्य किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। मुख्य मार्ग पर आवाजाही शुरू करवा दी गई है।