हमीरपुर। जिलेभर के चार स्कूलों में आयोजित अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झगड़ियाणी में खंडस्तरीय-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का समापन प्रदेश कांग्रेस के संयोजक सुमन भारती एवं एडीपीओ हमीरपुर सुनील कपिल के किया। तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में 20 स्कूलों के 315 खिलाड़ियों ने भाग लिया। वॉलीबाल मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झगड़ियाणी ने ट्विंकल स्टार पब्लिक स्कूल धनेड़ को 3-0 से हराया। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में एसडी पब्लिक स्कूल हमीरपुर ने हिम अकादमी पब्लिक स्कूल हीरानगर को शिकस्त दी। मुख्यातिथि ने व्यवसायिक शिक्षा के अंतर्गत विद्यार्थियों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। स्टॉल पर व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों की ओर से विभिन्न प्रकार के उत्पाद बनाकर बेचे। बच्चों ने स्वरोजगार के बारे में व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य प्रताप सिंह रणौत व एसएमसी प्रधान रीता शर्मा ने विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया व सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। इसी क्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू में अंडर-19 वर्ग में लड़कों की तीन दिवसीय खंडस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भरेड़ी स्कूल ने भुक्कड़ स्कूल को हराया। कबड्डी में ताल स्कूल ने भोरंज स्कूल को हराया। प्रतियोगिता का समापन सेवानिवृत्त सहायक अभियंता अमृत लाल गांव धमरोल (याणवीं) ने किया तथा विजेता और उप विजेता रही टीमों को ट्राफी देकर सम्मानित किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैली जजरी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बीड़ बगहेड़ा में भी अंडर-19 छात्र वर्ग प्रतियोगिता का समापन हुआ।