भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में बाली और सुग्रीव दोनों हैं, पर सुग्रीव डुप्लीकेट हैं। जनसभा के दौरान सांसद रामस्वरूप शर्मा खूब जोश में दिखे और भाषण के दौरान नेताओं समेत उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने खूब ठहाके लगाए। जोश में सांसद रामस्वरूप सीएम वीरभद्र सिंह पर आपत्तिजनक शब्द बोल गए।
जनसभा के बाद सांसद रामस्वरूप ने सीएम पर आपत्तिजनक शब्द कहने के सवाल पर कहा कि वीरभद्र सिंह प्रांत के मुख्यमंत्री हैं और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। जनसभा के दौरान यदि कोई गलत शब्द निकले हैं तो इसके लिए क्षमाप्रार्थी हैं। कुल्लू में माफिया राज हटाओ, प्रदेश बचाओ अभियान के तहत आयोजित जनसभा में सांसद रामस्वरूप शर्मा ने प्रदेश सरकार पर बेरोजगारी भत्ते को लेकर खूब निशाना साधा।
उन्होंने रामलीला की कहानी सुनाते हुए प्रदेश सरकार की व्यथा जाहिर की। कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह को अपने बेटे व पत्नी की चिंता है। जनता की नहीं। जनजातीय क्षेत्रों के लिए हेलीकॉप्टर सुविधा, रोड, टेलीफोन सब बंद है। इनकी सुध नहीं ली जा रही है। केंद्र के बजट का सदुपयोग नहीं किया जा रहा है। सीएम सरकार नहीं जुगाड़ से परिवार चला रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस में बाली व सुग्रीव होने की बात कहते हुए उन्होंने चार साल बाद बाली के गदा उठाने की बात कही। प्रधानमंत्री की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्हें प्रदेश हितकारी बताया। गौर हो कि प्रदेश सरकार में मंत्री जीएस बाली ने सरकार के चार साल पूरे होने के बाद बेरोजगारी भत्ते को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला था। यह मुद्दा भाजपा की जनसभा में खूब गूंजता रहा।