भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार व कुल्लू सदर से विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह सिद्ध करें कि उनका कौन पूर्वज शांघड़ आया था। यदि वह यह सिद्ध कर देते हैं तो मैं सार्वजनिक तौर माफी मांगूंगा और अपने शब्द वापस लूंगा। इतिहास को मत बदलें। कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह मुझे राजा नहीं, रॉय कहते हैं और घटिया समझते हैं।
उन्होंने शांघड़ स्थित आसन रॉय री थड़ पर सीएम के बैठने का स्वागत किया है। कुल्लू के परिधि गृह में पत्रकारों से बातचीत में महेश्वर सिंह ने कहा कि पूर्व में मुझे भी रॉय री थड़ में बैठाया जा चुका है। अब इसे बुशैहर के राजा का आसन बताया जा रहा है। कुछ लोग या तो निजी स्वार्थ सिद्ध करने के लिए गुमराह कर रहे हैं या फिर मुख्यमंत्री पूर्वज के शांघड़ आने के बारे में बताएं।
सीएम अपनी कुर्सीनामा देख लें। कहा कि देवसंस्कृति को राजनीति में लाने पर खत्म हो जाऊंगा। जब भी सीएम कुल्लू दौरे पर आते हैं तो विवादास्पद काम कर जाते हैं। संभवत: बाद में उन्हें पता चलता है कि वह क्या कर गए। न्यायालय के अधीन मामले में सीएम बार-बार टिप्पणी कर रहे हैं।