भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा बबली ने कहा कि कृषि कानूनों के बारे में कांग्रेस के दुष्प्रचार के खिलाफ जनता के बीच अभियान चलाया जाएगा। इसमें एक लाख परिवारों के साथ संपर्क साधकर उन्हें भाजपा किसान मोर्चा से जोड़ा जाएगा। कृषि कानूनों का विरोध करने वाले बिचौलियों के हाथों में खेल रहे हैं। इनका किसानों के बीच जाकर पर्दाफाश किया जाएगा। सीए स्टोर के दामों पर सीलिंग लगाने का मामला सरकार से उठाया जाएगा। प्रदेश में लटके लघु सिंचाई योजनाओं के प्रोजेक्टों को धरातल पर उतारने का मामला भी सरकार से उठाया जाएगा। कृषि कानूनों, कृषक सशक्तीकरण और संरक्षण कीमत आश्वासन और कृषि सेवा पर करार विधेयक 2020 पारित होने से किसानों को फायदा होगा।