कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के राफेल डील को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भ्रष्ट बताने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने पलटवार किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 5 हजार करोड़ के गबन के मामले में जमानत पर चल रहे राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर उल्टा चोर कोतवाल को डांटने की कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं।
राफेल मामले में लगातार झूठ बोलकर राहुल गांधी न केवल देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं बल्कि देश के दुश्मनों के हाथों में भी खिलौना बन रहे हैं। कांग्रेस और भ्रष्टाचार का चोली-दामन का साथ रहा है।
देश को लूटने और बेचने वाली कांग्रेस पार्टी को देश की सत्ता से बाहर होने की वजह से दलाली नहीं मिल रही है तो उनकी बेचैनी भी बढ़ गई है और बौखलाहट में प्रधानमंत्री तक पर आरोप लगाने में कांग्रेसी नेता लग गए हैं। देश की जनता राहुल गांधी को और कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
मोदी की लोकप्रियता से घबराया विपक्ष- वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि चैंपियंस ऑफ द अर्थ पुरस्कार से नवाजा जाना भारत और नरेंद्र मोदी की विश्व समुदाय में बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान एक विश्व नेता के रूप में उभर कर सामने आई है।
प्रधानमंत्री को मिले इस सम्मान से प्रत्येक भारतीय गौरवान्वित महसूस कर रहा है। प्रधानमंत्री को मिला यह सम्मान प्रत्येक भारतीय का सम्मान है लेकिन देश के विपक्षी दलों की ओर से नरेंद्र मोदी के संबंध में किया जाने वाला दुष्प्रचार देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।