हमीरपुर में पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश धर्माणी ने कहा कि कांग्रेस चार्जशीट कमेटी हर जिले में जाकर प्रत्येक कार्यकर्ता व नेता से भाजपा सरकार के खिलाफ आरोपों को सुबूतों के आधार पर इकट्ठा कर रही है। इन्हें हाईकमान को सौंपकर सरकार का असली चेहरा जनता के सामने लाया जाएगा।
कांग्रेस चार्जशीट कमेटी के चेयरमैन एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार चहेतों को लाभ देने के लिए नियमों में बदलाव कर लीगल भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। नियमों में बदलाव महज चहेतों के लिए किया जा रहा है। उसके बाद पुराने नियम ही लागू किए जा रहे हैं। बात चाहे प्रदेश सरकार में मंत्री की पत्नी की नौकरी की हो या आउटसोर्स आधार पर बांटी जा रहीं नौकरियों में हो रहे घोटाले की। हमीरपुर में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस चार्जशीट कमेटी हर जिले में जाकर प्रत्येक कार्यकर्ता व नेता से भाजपा सरकार के खिलाफ आरोपों को सुबूतों के आधार पर इकट्ठा कर रही है। इन्हें हाईकमान को सौंपकर सरकार का असली चेहरा जनता के सामने लाया जाएगा।
विज्ञापन
प्रदेश में वर्ल्ड बैंक की फंडिंग तथा जायका प्रोजेक्ट के कार्यों की निगरानी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है।
प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था, बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरी तथा गड़बड़ियों को लेकर सरकार के खिलाफ कांग्रेस जल्द चार्जशीट लाएगी। बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरियां बांटी जा रही हैं, जबकि प्रदेश के लोगों के हितों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। एक मंत्री की पत्नी की नौकरी के लिए भाजपा सरकार की कैबिनेट ने भर्ती नियमों में ही बदलाव कर दिया। बाद में किसी भी अभ्यर्थी अथवा कर्मचारी को यह राहत नहीं दी गई। नौकरियों में लगातार घोटाले हो रहे हैं। कुल्लू में पंचायत प्रतिनिधि की मौत तथा सीएम की सुरक्षा में लगे कर्मियों तथा एसपी के बीच हुई धक्का मुक्की से प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। जल्द चार्जशीट बनाकर पार्टी हाईकमान को सौंपी जाएगी।