हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू की रहने वाली रेणुका सिंह ठाकुर का चयन भारतीय क्रिकेट टीम के लिए हुआ है। रेणुका विश्व कप में टीम का हिस्सा रहेंगी। इसके अलावा न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 श्रृंखला में भी दमखम दिखाएंगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए उनका दूसरी बार चयन हुआ है। रेणुका का जन्म रोहडू के पारसा गांव में हुआ। तीन साल उम्र में पिता का निधन हो गया था। पिता केहर सिंह चाहते थे कि उनकी बेटी क्रिकेटर बने। वह विनोद कांबली के बड़े फैन थे। रेणुका के पिता का निधन 1999 में हो गया था। इसके बाद रेणुका की मां को सरकारी नौकरी मिली। पिता के निधन के बाद उसने गांव में क्रिकेट खेलना शुरू किया।
बाद में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन(एचपीसीए) की धर्मशाला अकादमी के लिए चुनी गईं। एचपीसीए के कोच पवन सेन से क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। 2019 में रेणुका ने बीसीसीआई महिला वन डे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 23 विकेट हासिल किए थे। रेणुका से पहले दो हिमाचली महिला खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनी हैं। शिमला के ही सुन्नी की सुषमा वर्मा भी भारतीय महिला टीम में खेल चुकी हैं। हरलीन देओल भी भारत की ओर से खेली हैं। रेणुका का भारतीय टीम में चयन होने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है।