बागवानी एवं जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार ने बागवानी क्षेत्र में हिमाचल के लिए 50 करोड़ रुपये का बागवानी प्रोजेक्ट मंजूर किया है। बागवानी एवं जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने सदन में विशेष वक्तव्य में कहा कि इसे जिला किन्नौर में स्थापित किया जाएगा। पिछले साढ़े तीन साल के कार्यकाल में जल शक्ति व बागवानी विभाग में बड़े-बड़े प्रोजेक्ट स्वीकृत करवाए हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत जिला किन्नौर में सेब का विकास किया जाएगा तथा इसे क्लस्टर के रूप में विकसित किया जाएगा।
जिले में निर्यात गुणवत्ता वाले सेब का उत्पादन किया जाएगा, ताकि उनका विदेशों में निर्यात किया जा सके। इससे विदेशी मुद्रा प्राप्त होगी। सेब उत्पादन के लिए आधुनिक तकनीक को अपनाया जाएगा। किन्नौर सेब की ब्रांडिंग की जाएगी व कृषक उत्पादक संघ का गठन किया जाएगा। जिले में क्लस्टर विकास का कार्य एचपीएमसी को नोडल एजेंसी बनाया जाएगा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री तथा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया।
वहीं, बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में बागवानों के कृषि उपकरणों से संबंधित लंबित आवेदनों के लिए इस वर्ष 1284 लाख रु पये की पहली किस्त जारी कर दी है। उन्होंने यह जानकारी चौपाल के विधायक बलवीर सिंह वर्मा की ओर से नियम-162 के तहत लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में दी। उन्होंने कहा कि बगीचों के विभिन्न कार्यों को सुगम बनाने के लिए शक्ति चालित यंत्रों, पावर स्प्रेयर, पावर वीडर, पावर टिल्लर, ब्रश कटर इत्यादि पर 50 प्रतिशत की दर से उपदान प्रदान किया जा रहा है।
चौपाल और ठियोग क्षेत्र के तहत वर्ष 2013-14 से वर्तमान तक उद्यान विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कृषि उपकरणों पर 623.64 लाख रुपये की अनुदान राशि बागवानों को वितरित की गई। केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं के तहत वर्ष 2013 से वर्तमान तक प्रदेशभर में बागवानी उपकरणों पर 2598.82 लाख रु पये की उपदान राशि से 8384 बागवानों को लाभान्वित किया गया। चौपाल व ठियोग क्षेत्र के 2040 बागवानों को केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं के तहत कृषि व बागवानी उपकरणों पर 285.46 लाख रुपये की उपदान राशि जारी की गई। इससे पूर्व विधायक बलवीर सिंह वर्मा ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि चौपाल और ठियोग में 8 साल से कुछ बागवानों और किसानों को सब्सिडी के पैसे नहीं मिले हैं।