वार्ड आरक्षित होने पर कई पत्नियों को लड़ाएंगे चुनाव अमर उजाला ब्यूरो शिमला। जिला परिषद, नगर परिषद और नगर पंचायतों का आरक्षण रोस्टर जारी होते ही चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश करना शुरू कर दी है। कई उम्मीदवारों ने तो सोशल मीडिया पर अपने समर्थन में प्रचार भी शुरू कर दिया है।
सोशल मीडिया पर फोटो वाले बैनर वायरल होने लगे हैं। रोहड़ू, जुब्बल कोटखाई, रामपुर, ठियोग समेत शिमला शहर से सटे पंचायती इलाकों में रोस्टर देखने के बाद लोग अब चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। हालांकि, जिला परिषद, नगर परिषद और पंचायत समितियों में इस बार महिलाओं का दबदबा रहने वाला है। रोस्टर में इनके लिए 50 फीसदी से ज्यादा सीटें आरक्षित की गई हैं। इनमें अनुसूचित जाति की महिलाएं भी शामिल हैं जिनके लिए कई सीटें आरक्षित हैं। ऐसे में कई पुरुष नेताओं के चुनाव लड़ने के सपने भी टूटे हैं। रोस्टर देखने के बाद यह नेता अब अपनी पत्नियों को मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए भी सोशल मीडिया पर समर्थन मांगा जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में चुनाव की चर्चा के साथ अब बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। पंचायत प्रधानों का रोस्टर जारी होते ही चुनावी सरगर्मियां बढ़ने वाली हैं।