जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में आतंकी हमले में हिमाचल के बिलासपुर जिले के नयना देवी विधानसभा क्षेत्र की पंचायत माकड़ी के उट्टपर गांव के जवान विजय कुमार शहीद हो गए। 33 वर्षीय विजय पुत्र रणजीत सिंह वर्ष 2001 में सेना में भर्ती हुए थे।
उनकी पत्नी मेनका और बेटे निशांत (8) व सुशांत (5) नंगल में रहते हैं। विजय घर में छुट्टी काटने के बाद 24 जुलाई को ही ड्यूटी पर लौटे थे। सेना की 87 आर्म्ड में तैनात गनर ऑपरेटर विजय अगले साल दिसंबर 2019 में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
एसडीएम नयना देवी अनिल चौहान ने बताया कि शहीद की पार्थिव देह शनिवार को उनके पैतृक गांव लाई जाएगी, जहां शहीद का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।