हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के 810 युवा भारतीय सेना की सिपाही सामान्य ड्यूटी की परीक्षा में पास हुए हैं। जून माह में यह अभ्यर्थी ट्रेनिंग के लिए अलग-अलग केंद्रों में जाएंगे। भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा के लिए तीनों जिलों से इस बार भारी संख्या में युवा परीक्षा में पास हुए हैं।
28 अप्रैल को राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज बड़ू के मैदान में हुई सिपाही जीडी की परीक्षा में कुल 1680 अभ्यर्थी बैठे थे। इनमें से 810 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास कर ली है। क्लर्क के लिए 116 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है, लेकिन क्लर्क का परिणाम अभी नहीं आया है।
जीडी भर्ती का परिणाम आने के बाद अब उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की दस्तावेजों संबंधी प्रक्रिया सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर में होगी। इस प्रक्रिया के बाद जून माह में अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा।
वहीं, सेना भर्ती का परिणाम आने के बाद शुक्रवार दोपहर बाद एआरओ कार्यालय हमीरपुर में भी अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। अभ्यर्थियों ने जहां ऑनलाइन अपना परिणाम देखा वहीं कार्यालय में आकर अपने उत्तीर्ण होने को पक्का करने के लिए कार्यालय के बाहर लगी सूची भी खंगाली।
सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल एन. सतीश कुमार ने कहा कि 810 अभ्यर्थी पास हुए हैं। अभ्यर्थियों की दस्तावेज संबंधी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इन्हें जून माह में ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा।