चपराणी के हंस ने बेचे सेब के 40 हाफ बक्से, 1700 रुपये में बिका नौ किलो वजन का हाफ बॉक्स
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पंजाब की फल मंडी में शिमला के गेल गाला किस्म के सेब को 190 रुपये प्रति किलो के दाम मिले हैं। शिमला बसंतपुर की करयाली पंचायत के चपराणी निवासी बागवान हंस शर्मा ने गेल गाला किस्म के 40 बक्से पंजाब की लुधियाना फल मंडी में बेचे। फुल रेड, बड़े साइज और सेब में चमक के चलते उन्हें फसल के बढ़िया रेट मिले।
हंस शर्मा ने बताया कि उन्होंने सेब की गेल गाला किस्म के बक्से लुधियाना फल मंडी भेजे थे। गेल गाला सेब को करीब 190 रुपये प्रति किलो का दाम मिला है। बताया कि उनके बगीचे में करीब 3500 सेब के पेड़ हैं, जो चरणबद्ध तरीके से उन्होंने 2016 के बाद लगाए हैं। लुधियाना के अलावा वह अपना सेब शिमला की भट्ठाकुफर और जयपुर फल मंडी में भी बेचते हैं। लुधियाना फल मंडी में प्रति किलो के हिसाब से उनकी फसल को बढ़िया दाम मिले हैं। वहीं लुधियाना की चुग फ्रूट कंपनी के संचालक दीपक अरोड़ा ने बताया कि गेल गाला किस्म का सेब करीब 190 रुपये प्रति किलो के रेट पर बिका है। 9 किलो के सेब के हॉफ बॉक्स को 1700 रुपये दाम मिले हैं। बढ़िया क्वालिटी के चलते इसे उम्दा रेट मिल पाए हैं।
सेल्फ पॉलीनाइजर भी है गेल गाला
गेल गाला अमेरिकी सेब की किस्म है। यह सेल्फ पॉलीनाइजर की श्रेणी में आता है। यह बगीचे में अन्य किस्मों को भी पॉलीनाइजेशन में मदद करता है। मार्च महीने में जब बागीचों में पाला पड़ने के कारण परागण की क्रिया प्रभावित होती है, तब भी यह किस्म पालीनेशन करने में सक्षम रहती है। सेब की यह किस्म नियमित रूप से फल देती है, परिस्थितियां कैसी भी हो इसकी फसल नहीं टूटती।
--------------