चनावग के पास सुबह सात बजे हादसा, दोस्त को कार में छोड़ने घर जा रहे थे युवक
शिमला। राजधानी से सटे सुन्नी क्षेत्र के करालाघाट-चनावग संपर्क मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक बाईस वर्षीय युवक की मौत हो गई। इसकी पहचान सोहन लाल पुत्र रूप लाल, गांव जूड़द, तहसील सुन्नी के रूप में हुई है। हादसे में पवन ठाकुर (27) पुत्र चमन लाल और महेश कश्यप (22) पुत्र कृष्ण सिंह घायल हुए हैं। दोनों घायल युवक जिला सोलन के गांव बड़ोग, तहसील अर्की के निवासी हैं।
स्थानीय लोगों ने इन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। इनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। सुन्नी थाना पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार सुबह सात बजे चनावग खुनारा के पास हुआ। महेश और पवन अपने दोस्त सोहन को छोड़ने उसके घर जा रहे थे। इसी बीच मृतक के घर से एक मोड़ पहले कार सड़क से करीब चार सौ मीटर नीचे जा लुढ़की। बताया जा रहा है कि मृत युवक रविवार शाम नौ बजे घर पर था। घर के सदस्यों को इसकी बाहर जाने की सूचना नहीं थी। डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की तफतीश जारी है।
हादसे के बाद ढांक में फंसा था युवक
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह चनावग के पास ढांक से जोर-जोर की आवाजें सुनाई दे रहीं थीं। अंदेशा होने पर एक व्यक्ति ने जब मौके पर जाकर देखा तो हैरान रह गया। एक युवक ढांक में फंसा था। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्रित हुए और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को ढांक से बाहर निकाला गया।