ए ग्रेड का सेब अब 77 रुपये किलो खरीदेगी कंपनी
क्रॉसर
दावा, मार्केट में आए सुधार के बाद बढ़ाए खरीद के दाम
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। देवभूमि कोल्ड चेन प्राइवेट लिमिटेड ने प्रीमियम सेब की खरीद के दामों में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। वीरवार से कंपनी ने ए ग्रेड सेब की खरीद 77 रुपये प्रतिकिलो के रेट पर शुरू कर दी।
कंपनी ने एक सितंबर को ए ग्रेड सेब की खरीद का रेट 72 रुपये प्रतिकिलो निर्धारित किया था। 10 सितंबर को तीन रुपये बढ़ाकर रेट 75 रुपये कर दिया और वीरवार को दो रुपये प्रतिकिलो की फिर से बढ़ोतरी की है। कंपनी का दावा है कि मार्केट में आए सुधार के बाद कंपनी ने सेब खरीद की सभी श्रेणियों में दो रुपये प्रतिकिलो रेट बढ़ाए हैं। अदानी एग्रो फ्रेश ए ग्रेड का सेब 74 रुपये प्रतिकिलो के रेट पर खरीद रहा है।
अदानी ने भी शुरुआत में 72 रुपये प्रतिकिलो रेट निर्धारित किए थे जिसमें दो रुपये प्रतिकिलो का इजाफा किया था। देवभूमि ने 80 से 100 फीसदी रंग वाले प्रीमियम सहित अन्य सभी श्रेणियों के सेब की कीमतों में 2 रुपये प्रतिकिलो बढ़ोतरी की है। 80 से 100 फीसदी रंग वाला एक्सट्रा स्मॉल 65 से 67 रुपये, इसी श्रेणी में एक्सट्रा लॉर्ज का 55 से 57 रुपये रेट तय किया है। 60 से 80 फीसदी रंग वाले लार्ज, मीडियम, स्मॉल सेब 60 से 62 रुपये , इसी श्रेणी में एक्सट्रा स्मॉल का रेट 50 से 52 रुपये प्रतिकिलो तय किया है। पित्तू 60 से 80 फीसदी रंग वाले सेब 30 से 32 रुपये प्रतिकिलो तय किया है।
अदानी एग्रो फ्रेश ने 80 से 100 फ ीसदी रंग वाले एक्सट्रा लार्ज सेब के रेट 52 से बढ़ा कर 54 रुपये, लार्ज, मीडियम, स्माल 72 से 74 रुपये, एक्सट्रा स्माल 62 से 64 रुपये प्रतिकिलो निर्धारित किए हैं। इसके अलावा 60 से 80 फ ीसदी रंग वाला एक्सट्रा लार्ज सेब 37 से 39 रुपये, लार्ज, मीडियम स्माल 57 से 59, एक्स्ट्रा स्माल 47 से 49 रुपये प्रतिकिलो निर्धारित किए हैं। दोनों कंपनियां मान रही हैं कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों से बढ़िया क्वालिटी का सेब आना शुरू हो गया है, जिसे लंबे समय से स्टोर किया जा सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों के सेब में प्राकृतिक रंग है।
ओपन मार्केट के आधार पर बढ़ाए रेट : नीरज
देवभूमि कोल्ड चेन के प्रबंधक नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि ओपन मार्केट के आधार पर रेट बढ़ाए गए हैं। हम बागवानों को स्पॉट पेमेंट करते हैं। क्रेट में सेब लिया जाता है इसलिए पैकेजिंग और ग्रेडिंग का खर्चा भी बच जाता है। बढ़िया क्वालिटी का सेब आना शुरू हो गया है, इसलिए सभी श्रेणियों में 2 रुपये प्रतिकिलो रेट बढ़ाए हैं। आने वाले दिनों में यह रेट बने रहने की उम्मीद है।
मार्र्केट की स्थिति पर निर्भर करेंगे रेट : पंकज
अदानी एग्रो फ्रेश के टर्मिनल मैनेजर पंकज मिश्रा ने बताया कि मार्केट के आधार पर सेब के रेट दो रुपये बढ़ाए गए हैं। मार्केट की स्थिति के अनुसार भी भविष्य में रेट बढ़ाए या घटाए जाएंगे।
सौ से एक सौ बीस रुपये किलो हो रेट : संजय
संयुक्त किसान मंच के सह संयोजक संजय चौहान ने कहा कि किसान-बागवान आंदोलन के दबाव के चलते पहली बार कारपोरेट कंपनियों ने शुरुआत में जो रेट रखे थे उसे घटाने की जगह बढ़ाया है। बीते साल 88 रुपये प्रतिकिलो रेट तय किए थे। इस साल लागत करीब 30 फीसदी बढ़ी है। इसलिए प्रीमियम सेब के रेट 100 से 120 रुपये किलो होने चाहिए। इसके अलावा साल 2010-11 की तर्ज पर सेब के कलर ग्रेड का एक रेट होना चाहिए।