एपी गोयल विश्वविद्यालय ने अभी तक हिमाचल और बाहरी राज्यों के 1904 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी हैं। एसआईटी ने रिकॉर्ड जब्त कर जांच शुरू कर दी है कि ये डिग्रियां सही हैं या फर्जी। एसआईटी मामले की जांच में जुट गई है। विशेष जांच दल ने हाल ही में एपी गोयल विवि का रिकॉर्ड कब्जे में लिया है। जांच पड़ताल के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस मामले में सीआईडी के अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल में मानव भारती और एपी गोयल विश्वविद्यालयों पर फर्जी डिग्री आवंटन के आरोप हैं। मानव भारती के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। दूसरी ओर, अब एपी गोयल विश्वविद्यालय के खिलाफ भी एसआईटी ने जांच तेज कर दी है।
फर्जी डिग्री मामले में विपक्ष लगातार सत्ता पक्ष पर आरोप लगा रहा है। उधर, एपी गोयल विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर रमेश चौधरी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने किसी भी विद्यार्थी को फर्जी डिग्री नहीं दी है। विशेष जांच दल को रिकॉर्ड दे दिया गया है। सरकार को भी इसकी जानकारी दी गई है।