आंकड़ों पर नजर डाले तो प्रदेश में आए दिन कोरोना संक्रमितों की मौतों और नए मामलों के रिकाॅर्ड टूट रहे हैं। सोमवार को ही एक दिन में रिकॉर्ड 55 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई थी। कांगड़ा जिले में स्थिति सबसे खराब है।
कोरोना महामारी के लगातार बढ़ते संकट के बीच प्रदेश में लॉकडाउन जैसी सख्ती या सप्ताह के आखिरी तीन दिन बाजार बंद रखने पर बुधवार को कैबिनेट बैठक के बाद फैसला लिया जाएगा। हालांकि लॉकडाउन पर फैसला लेने से पहले सरकार बुधवार को पहले सर्वदलीय बैठक में इस पर राय लेगी। सर्वदलीय बैठक पहले मंगलवार को होनी थी, लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांगड़ा से खराब मौसम के चलते शिमला नहीं पहुंच पाए। इसलिए मुख्यमंत्री की गैरहाजिरी में सर्वदलीय बैठक हुई। अब बुधवार सुबह दोबारा साढ़े नौ बजे पीटरहॉफ में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पहले सर्वदलीय बैठक होगी और उसके बाद सुबह 10:30 बजे से कैबिनेट बैठक चलेगी।
विज्ञापन
मंगलवार को राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में सर्वदलीय बैठक में शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, माकपा विधायक और अन्य विधायक शामिल हुए। शहरी विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने प्रदेश भर में कोरोना से हो रही मौतों, उपचार की व्यवस्था, टीकाकरण आदि के आंकड़े बैठक में रखे। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भी कहा कि इस संकट के समय में विपक्ष सरकार का साथ देगा। सीएम बैठक में क्या बातें रखते हैं, उसके बाद ही विपक्ष अपना पक्ष स्पष्ट करेगा। माकपा विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि सरकार की ओर से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किए जा रहे इंतजामों और बढ़ते मामलों को लेकर बेसिक डाटा उपलब्ध करवाया गया है। इस पर मंथन करने के बाद बुधवार को सर्वदलीय बैठक में बात रखी जाएगी।