मर चुकी मां की एक साल तक बेटा लेता रहा पेंशन
शिमला। राजधानी में एक व्यक्ति अपनी मां की मौत के बाद एक साल तक उसकी पेंशन लेता रहा। मामले की भनक जब आरोपी के भाई की बेटी (मृतका की पोती) को लगी तो उसने पुलिस में मामला दर्ज करवाया। मृतक महिला प्रदेश सचिवालय से सेवानिवृत्त हुई थी। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला शहर के कृष्णानगर क्षेत्र में पेश आया। शिकायतकर्ता के मुताबिक जब वह एक साल की थी तब उसकी मां उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद उसका पालन पोषण दादी ने किया। इस दौरान दादी ने अपनी वसीयत उसके नाम पर बनाई थी। दादी ने एसबीआई का एटीएम कार्ड भी इस्तेमाल करने के लिए उसे दे रखा था। 26 अप्रैल 2021 को उसकी दादी की मृत्यु जालंधर में हो गई। इसके बाद चाचा ने उससे एटीएम कार्ड ले लिया। कहा कि मां का खाता बंद करवाना है। इसके लिए एटीएम कार्ड जमा करवाना होगा। कुछ दिन पहले उसे पता चला कि चाचा ने बैंक में न तो एटीएम कार्ड जमा करवाया और न ही खाता बंद करवाया। खाते में आने वाली पेंशन को वह हर माह एटीएम कार्ड की मदद से निकालता रहा है। जांच टीम कोषागार विभाग और बैंक से संबधित मामले के दस्तावेजों की डिलेट खंगालने में जुट गई है। डीएसीपी हेडक्वार्टर कमल किशोर वर्मा ने बताया कि मामले की तफ्तीश जारी है।