भट्ठाकुफर में घर का ताला तोड़कर वारदात को दिया था अंजाम
एक आरोपी के खिलाफ पहले दर्ज हैं 13 आपराधिक मामले
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। भट्ठाकुफर में लाखों के आभूषण और नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शुभम चंदेल (30) निवासी सुन्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बलदेव सिंह उर्फ बल्ली के खिलाफ इससे पहले 13 अभियोग पंजीकृत हैं। इसमें अधिकांश मामले चोरी से संबंधित हैं। इसके अतिरिक्त आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम एनडीपीएस के तहत भी मामले दर्ज किए गए हैं।
उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मी के घर पर 19 अगस्त को आरोपियों ने ताला तोड़कर 19 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 90,000 रुपये के चांदी के आभूषण और 25,00 रुपये की नकदी चुरा ली थी। आरोपियों ने उस समय इस वारदात को अंजाम दिया था जब परिवार के सदस्य अपने-अपने कामों से बाहर थे। शाम के समय जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो उन्होंने ताला टूटा हुआ पाया। आरोपी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे सोने और चांदी के आभूषण और नकदी चुराकर ले गए थे। परिवार ने मामले की शिकायत ढली थाना में दर्ज करवाई। पुलिस ने 12 अगस्त को बलदेव सिंह उर्फ बल्ली बढ़हेरी, चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया। बलदेव के खिलाफ चंडीगढ़ में ग्यारह चोरी के मामले में दर्ज हैं जबकि संजौली और चंडीगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले में दर्ज हैं। एएसपी शिमला मेहर पंवार ने बताया कि पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।