शिमला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की सोमवार को हुई दसवीं की गणित विषय की परीक्षा की बी सीरिज के एक प्रश्न के गलत ऑप्शन ने विद्यार्थियों को खूब परेशान किया। परीक्षा सुबह नौ से बारह बजे के बीच हुई। अधिकतर केंद्रों में शिक्षकों ने इस मिस प्रिंटिंग को सही करवाकर प्रश्न हल करने को कहा। प्रश्न में गोले के आयतन को लेकर ऑप्शन दिया था लेकिन फार्मूला गलत था। इसमें 4 बटा 3 पाई आर सेक्योर लिखा था जोकि क्यूब होना चाहिए थे। इस वजह से विद्यार्थियों को परेशानी हुई। यह प्रश्न एक अंक था।
विज्ञापन
अन्य सीरिज में प्रश्न सही थे। पोर्टमोर गर्ल्स स्कूल के गणित विषय के शिक्षक राजेश मोक्टा ने माना कि बी सीरीज में यह समस्या पेश आई। उन्होंने बताया कि परीक्षा में बैठी छात्राओं रुचिका और अनन्या ने इसको लेकर सवाल किया था जिसे मौके पर ही सही करवा दिया था। समस्या सिर्फ एक सीरिज में पेश आई थी। सोमवार को ही जमा दो कक्षा की अर्थशास्त्र की परीक्षा भी हुई। सभी केंद्रों में परीक्षा तय समय पर शांतिपूर्ण ढंग से हुई। परीक्षा केंद्र पोर्टमोर से परीक्षा देकर बाहर निकलीं छात्राओं ने बताया कि प्रश्न तय पाठ्यक्रम से पूछे थे, इन्हें हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। ढली स्कूल के जमा दो कक्षा के विद्यार्थी निखिल और विशाल ने कहा कि प्रश्न पाठ्यक्रम से ही आए थे। अर्थशास्त्र के प्रवक्ता सुनील कुमार ने बताया कि प्रश्न पत्र हल में परेशानी को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है।