टूरिस्ट सीजन के दौरान रोजाना बड़ी संख्या में अवैध टैक्सियां शिमला पहुंच रही हैं। कायदे कानूनों को ताक पर रख कर निजी गाड़ियों का अवैध रूप से बतौर टैक्सी संचालन किया जा रहा है। शनिवार को ऑकलैंड टनल के पास नियमित निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने आधा दर्जन अवैध टैक्सियां पकड़ी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने बतौर टैक्सी चल रही प्राइवेट नंबर वाली इनोवा, टवेरा और जाइलो सहित अन्य गाड़ियां पकड़ीं हैं। इन गाड़ियों में बैठे सैलानियों से जब पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि अवैध रूप से प्राइवेट गाड़ियों को बतौर टैक्सी चलाया जा रहा है।
पुलिस ने चालान के बाद चेतावनी देकर गाड़ियों को छोड़ा। टैक्सी आपरेटर ज्वाइंट एक्शन कमेटी पहले भी शिमला में चल रही अवैध गाड़ियों का मामला परिवहन विभाग से उठा चुकी है। इसके बाद परिवहन विभाग के इंस्पेक्टरों ने भी अवैध गाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।